🔴सेल्फ ड्राइव सर्विस से ले गए थे वाहन
भिलाईनगर, 02 मई 2026। सुपेला थाना क्षेत्र में किराये पर ली गई कार वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक फाइनेंस कारोबारी की कार गायब
पोटिया स्थित ऋषभ प्राइम सिटी निवासी सुनील कुमार दुबे (53) बैंक फाइनेंस का काम करते हैं। उन्होंने 4 फरवरी 2026 को सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर क्रमांक CG-07-DD-2040 फाइनेंस पर खरीदी थी।
रोजाना 1500 रुपये किराये पर चलती थी कार
सुनील दुबे ने 6 फरवरी को अपनी कार सुपेला स्थित ढिल्लन कॉम्प्लेक्स में संचालित रवि सेल्फ ड्राइव कार सर्विस के संचालक नयन सिंह को किराये पर चलाने के लिए दी थी। इसके एवज में उन्हें प्रतिदिन 1500 रुपये किराया मिलता था।
17 अप्रैल को एक पुरुष और महिला ले गए वाहन
शिकायत के अनुसार, 17 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे एक पुरुष और एक महिला कार किराये पर लेकर गए थे, लेकिन तय समय के बाद भी वाहन वापस नहीं किया। 19 अप्रैल को नयन सिंह ने इसकी जानकारी वाहन मालिक को दी।
दस्तावेज संदेहास्पद, मोबाइल नंबर बंद
आरोपियों ने अपना नाम पेसु सिन्हा और प्रीति सिन्हा बताया था तथा आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस दिए थे। बाद में दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। दोनों के दिए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर फोन बंद मिले।
सुपेला पुलिस ने दर्ज किया अपराध
प्रार्थी सुनील कुमार दुबे की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0598/26 दर्ज कर आरोपी पेसु सिन्हा और प्रीति सिन्हा के खिलाफ धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।▶ वाहन और आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब कार और दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

