🔴आपकी सुरक्षा का है सवाल
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 28 अप्रैल 2026। होटल का दरवाजा खुलते ही थकान मिटाने के लिए सीधे बिस्तर पर लेटने की गलती न करें। अपनी सुरक्षा पक्की करने के लिए यहां बताई 8 चीजें जरूर चेक करें।
छुट्टियों में घूमने जाना हो या किसी जरूरी काम से दूसरे शहर का सफर, एक अच्छा होटल हमारे सफर को आरामदायक बना देता है। अक्सर होटल के कमरे में घुसते ही हमारी नजर सबसे पहले इस बात पर जाती है कि बिस्तर कितना साफ है या खिड़की से बाहर का नजारा कैसा है।
लेकिन ठहरिए! क्या सिर्फ साफ-सफाई और लग्जरी ही काफी है? आज के समय में आपकी सुरक्षा और प्राइवेसी सबसे ज्यादा मायने रखती है। इसलिए, अगली बार जब आप होटल के कमरे में कदम रखें, तो अपना सामान खोलने और बिस्तर पर लेटने से पहले अपनी सुरक्षा पक्की कर लें। इस आर्टिकल में हम ऐसी 8 जरूरी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें कमरे में घुसते ही तुरंत चेक करना चाहिए।
दरवाजे का डबल लॉक और पीपहोल
कमरे के अंदर जाते ही सबसे पहले दरवाजा बंद करें और उसका डेडबोल्ट चेक करें। यह जरूर देखें कि लॉक ठीक से काम कर रहा है या नहीं। इसके अलावा, दरवाजे पर लगे ‘पीपहोल’ को चेक करें। अगर वह टूटा हुआ है या उसमें कोई कागज फंसा है, तो तुरंत रिसेप्शन पर शिकायत करें।
हिडेन कैमरे की तलाश
आजकल होटल के कमरों में हिडेन कैमरे के मामले बहुत आम हो गए हैं। कमरे में घुसकर टीवी के सेट-टॉप बॉक्स, स्मोक डिटेक्टर, एसी के वेंट, दीवार घड़ी और शीशे को ध्यान से देखें। आप अपने स्मार्टफोन की फ्लैशलाइट जलाकर भी शीशे और अंधेरे कोनों की जांच कर सकते हैं, अगर कहीं कैमरा होगा, तो उसका लेंस लाइट से चमक जाएगा।
खिड़कियां और बालकनी के दरवाजे
अक्सर हमारा ध्यान सिर्फ मुख्य दरवाजे पर होता है, लेकिन खिड़कियां और बालकनी के दरवाजे भी सुरक्षा के लिए उतने ही अहम हैं। चेक करें कि क्या बालकनी का दरवाजा अंदर से अच्छी तरह लॉक हो रहा है? खास तौर पर अगर आपका कमरा ग्राउंड फ्लोर या निचले फ्लोर पर है, तो यह जांच और भी जरूरी हो जाती है।
अलमारी और बिस्तर के नीचे का हिस्सा
यह पढ़ने में शायद किसी फिल्मी सीन जैसा लगे, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से यह बहुत जरूरी है। कमरे में आते ही एक बार वॉशरूम, अलमारी के अंदर, पर्दों के पीछे और बिस्तर के नीचे जरूर झांक लें। इससे यह तसल्ली हो जाएगी कि कमरे में पहले से कोई अनजान व्यक्ति छिपा नहीं है या किसी और का कोई संदिग्ध सामान नहीं छूटा है।
काम करता हुआ लैंडलाइन
अगर आधी रात को कोई इमरजेंसी आ जाए या आपको तुरंत मदद की जरूरत हो, तो आपका मोबाइल नेटवर्क धोखा दे सकता है। इसलिए कमरे में आते ही होटल के टेलीफोन का रिसीवर उठाकर चेक करें कि उसमें टोन आ रही है या नहीं। रिसेप्शन का नंबर डायल करके भी देख लें ताकि जरूरत पड़ने पर आप तुरंत संपर्क कर सकें।
दरवाजे के पीछे लगा ‘इमरजेंसी एग्जिट’ मैप
हर अच्छे होटल में मेन गेट के ठीक पीछे आग लगने या किसी और आपातकाल से बचने के लिए एक नक्शा लगा होता है। हम अक्सर इसे नजरअंदाज कर देते हैं। इस मैप को ध्यान से देखें और समझ लें कि आपके कमरे के सबसे फायर एग्जिट कहां हैं, ताकि मुसीबत के समय आपको सोचना न पड़े।
होटल का इलेक्ट्रॉनिक सेफ
हम अपना कीमती सामान जैसे पासपोर्ट, लैपटॉप या गहने होटल के सेफ में रखते हैं। कमरे में आते ही चेक करें कि सेफ खुला है या नहीं। अगर वह पहले से लॉक है, तो इसका मतलब है कि पिछले मेहमान ने इसे बंद कर दिया था। इसे तुरंत रिसेप्शन से कहकर रीसेट करवाएं।
बिजली के बोर्ड और खुले तार
सुरक्षा सिर्फ चोरों या कैमरों से नहीं, बल्कि हादसों से भी होती है। कमरे में यह जरूर देखें कि कहीं कोई बिजली का सॉकेट टूटा हुआ तो नहीं है? खासतौर पर बाथरूम के अंदर हेयर ड्रायर या गीजर के आस-पास कोई नंगा तार नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा कुछ दिखे, तो तुरंत रूम चेंज करने की डिमांड करें।

