अपनी ही शादी के कार्ड बांटते हुए रेप का आरोपी कांग्रेस नेता गिरफ्तार

अपनी ही शादी के कार्ड बांटते हुए रेप का आरोपी कांग्रेस नेता गिरफ्तार


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 27 अप्रैल 2026। कवर्धा में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को महिला से रेप के गंभीर आरोप में पुलिस ने कल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अपनी शादी के कार्ड बांट रहा था, उसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 से आरोपी के महिला के साथ संबंध थे। आरोप है कि रवि चंद्रवंशी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक महिला का शोषण किया। जब शादी की बात आई और 7 मई को उसकी दूसरी जगह शादी तय हो गई, तब पीडिता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि आरोपी अपनी शादी के कार्ड बांटने में व्यस्त था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।