भिलाई में बुजुर्ग ने की टंगिया मारकर युवक की हत्या, आरोपी हिरासत में

भिलाई में बुजुर्ग ने की टंगिया मारकर युवक की हत्या, आरोपी हिरासत में


🔴खुर्सीपार थाना क्षेत्र का मामला


भिलाईनगर, 26 अप्रैल 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के उड़िया बस्ती में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने 30 वर्षीय युवक की टंगिया (धारदार हथियार) से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। आरोपी मुरली खेस अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी मृतक विक्रम सोना वहां पहुंचा और बिना किसी स्पष्ट कारण के गाली-गलौज करने लगा।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आवेश में आकर बुजुर्ग ने टंगिया से विक्रम पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विक्रम सोना की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।