नीट परीक्षा को लेकर कलेक्टर के सख्त निर्देश, सुरक्षा और जांच व्यवस्था होगी कड़ी

नीट परीक्षा को लेकर कलेक्टर के सख्त निर्देश, सुरक्षा और जांच व्यवस्था होगी कड़ी


🔴परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, गैजेट्स और ज्वेलरी पूर्णतः प्रतिबंधित, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

दुर्ग, 25 अप्रैल 2026। आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला समन्वयकों एवं परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। उन्होंने अभ्यर्थियों की गहन जांच (सिक्योरिटी फ्रिस्किंग) सुनिश्चित करने के साथ सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।

प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची जारी करते हुए साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
▪️मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।

▪️ज्यामिति बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, स्केल, इरेज़र, लिखित सामग्री या कोई भी नोट्स ले जाना मना है।

▪️वॉलेट, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, बड़े चश्मे और किसी भी प्रकार के आभूषण या धातु की वस्तुओं पर भी रोक रहेगी।

▪️खाद्य सामग्री और पानी की बोतल (पारदर्शी बोतल को छोड़कर) ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को अपने साथ पेन लाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि परीक्षा केंद्र पर पारदर्शी पेन उपलब्ध कराए जाएंगे।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ पाया जाता है, तो उसे ‘अनफेयर मीन्स’ का दोषी मानते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।