🔴आधा दर्जन दुपहिया वाहन भी किए गए
भिलाई नगर 24 अप्रैल 2026। सुपेला थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 6 चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि मामले में प्रार्थी सुखदेव पाण्डेय, निवासी मदर टेरेसा नगर कैम्प-01 भिलाई ने 1 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 दिसंबर 2025 को नेहरू नगर अटल प्रतिमा के पास से उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस पर सुपेला थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 24 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर पुलिस ने लक्ष्मी नगर सुपेला क्षेत्र से संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर भिलाई नगर रेलवे स्टेशन गौठान के पास झाड़ियों से 5 स्प्लेंडर और 1 एक्टिवा सहित कुल 6 चोरी के वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष साहू, गजानंद यादव, देवेन्द्र यादव और अजय पटेल शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 112(2) के तहत कार्रवाई की है और सभी को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी Vijay Yadav, सउनि मोतीलाल खुरसे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

