कोडीन सिरप तस्करी का बड़ा खुलासा, दुर्ग पुलिस ने तोड़ी सप्लाई चेन

कोडीन सिरप तस्करी का बड़ा खुलासा, दुर्ग पुलिस ने तोड़ी सप्लाई चेन


🔴फर्जी लाइसेंस के जरिए नशीली सिरप की सप्लाई, 800 बोतल सिरप, 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर, 24 अप्रैल 2026। दुर्ग पुलिस ने दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में 800 नग कोडीन युक्त सिरप, वाहन, मोबाइल और नगदी सहित लगभग 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर 6 में ली गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 23 अप्रैल 2026 को चौकी स्मृतिनगर क्षेत्र के ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड के पास नशीली सिरप की अवैध बिक्री के लिए परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर CG-07/8595 नंबर की सेंट्रो कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 7 कार्टून में प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप बरामद हुआ।
पूछताछ में मुख्य आरोपी योगेश शर्मा और उमेश कुमार यादव ने फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर गुजरात की कंपनी से इंडिया मार्ट और ई-कुरियर के माध्यम से सिरप मंगवाकर अवैध बिक्री करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि असली लाइसेंस में एडिटिंग कर फर्जी दस्तावेज, लेटरपैड और सील तैयार की गई थी, जिनके जरिए बड़ी मात्रा में सिरप मंगाकर युवाओं को बेचा जा रहा था।


मामले में महावीर जैन उर्फ रोहित और सतीश मेश्राम को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 22, 8(ख), 27(क) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना का कारण :

अवैध धन लाभ अर्जित करने हेतु फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सिरप मंगाकर अवैध बिक्री करना।

घटनास्थल :

ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड के पास, भिलाई, जिला दुर्ग।

गिरफ्तार आरोपियों में :

  1. योगेश शर्मा, उम्र 41 वर्ष, कादम्बरी नगर, दुर्ग।
  2. उमेश कुमार यादव, उम्र 42 वर्ष, पदुमनगर, चरोदा, पुरानी भिलाई।
  3. महावीर जैन उर्फ रोहित, उम्र 38 वर्ष, पोलसाय पारा, दुर्ग।
  4. सतीश मेश्राम, उम्र 40 वर्ष, शंकर नगर, दुर्ग।

जप्त सामग्री :

  1. प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप – 800 नग कीमत 2,08,800/- रुपये।
  2. एक एक्टिवा – कीमत 30,000/- रुपये।
  3. एक सेण्ट्रो कार – कीमत 1,00,000/- रुपये।
  4. 04 मोबाईल फोन – कीमत 1,60,000/- रुपये।
  5. प्रतिबंधित सिरप बिक्री की रकम – 1,200/- रुपये।
    कुल जप्त मशरूका – लगभग 5,00,000/- रुपये।

सराहनीय भूमिका :

उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई सराहनीय रही। टीम द्वारा सूचना संकलन, घेराबंदी, आरोपियों की पतासाजी एवं त्वरित गिरफ्तारी में प्रभावी भूमिका निभाई गई।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों, नशीली दवाओं अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। युवाओं को नशे से दूर रखने एवं समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस का सहयोग करें। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।