फरार वारंटियों पर सुपेला पुलिस की कार्रवाई, एक महिला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

फरार वारंटियों पर सुपेला पुलिस की कार्रवाई, एक महिला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार


भिलाईनगर, 23 अप्रैल 2026। थाना सुपेला पुलिस ने लंबे समय से फरार स्थाई वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे 05 पुरुष एवं 01 महिला सहित कुल 6 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुपेला पुलिस ने लगातार निगरानी, मुखबिर सूचना और टीम समन्वय के आधार पर कार्रवाई करते हुए 23 अप्रैल 2026 को आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद बघेल (45 वर्ष), फुलचंद देशलहरे उर्फ बिट्टू (24 वर्ष), विशाल तांडी उर्फ गुड्डू (22 वर्ष), अवतार सिंह उर्फ खत्तर उर्फ बन्नी (22 वर्ष), राजा खरे (30 वर्ष) तथा ईशा उर्फ इश्वरी खोब्रागढ़े (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी सुपेला क्षेत्र के निवासी हैं और न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से पेश नहीं हो रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है, जहां से आगे की कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव सहित आरक्षक अमित वर्मा, गोपाल लामा और प्रीतम हरीवंश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी फरार आरोपी या वारंटी के संबंध में सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून से बचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।