भिलाई में साइबर ठगी : खाते से 3.28 लाख पार, मोबाइल में ट्रांजैक्शन के मिले मैसेज

भिलाई में साइबर ठगी : खाते से 3.28 लाख पार, मोबाइल में ट्रांजैक्शन के मिले मैसेज


🔴बिना जानकारी जारी हुए तीन अलग-अलग बैंक से क्रेडिट कार्ड

भिलाईनगर, 22 अप्रैल 2026। दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 3 लाख 28 हजार से अधिक की राशि पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चरोदा स्थित रेलवे कॉलोनी जोन-1 निवासी रामू, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने थाना भिलाई-3 में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उनके मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन संबंधी एसएमएस आने लगे। जब उन्होंने संदेशों को देखा तो पता चला कि उनके एचडीएफसी बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल ₹3,28,044.16 की राशि निकाल ली गई है।
पीड़ित ने तत्काल बैंक पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि यह राशि यूपीआई के माध्यम से एक्सिस बैंक के एक खाते सहित अन्य खातों में ट्रांसफर की गई है। विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए रकम भेजी गई, जिसमें कई अलग-अलग राशि शामिल हैं।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि पीड़ित के नाम पर बिना उसकी जानकारी और अनुमति के तीन अलग-अलग बैंकों—एचडीएफसी बैंक, यस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक—के क्रेडिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। इन कार्ड्स पर क्रमशः ₹84,000, ₹37,990.29 और ₹49,605.53 की देनदारी के एसएमएस भी पीड़ित को प्राप्त हो रहे हैं, जबकि उसने ऐसे किसी कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया था।
बताया गया कि पीड़ित ने 20 अप्रैल को ही साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज करा दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए भिलाई-3 पुलिस ने अपराध क्रमांक 0215/26 के तहत अज्ञात आरोपी, जिसमें एक्सिस बैंक खाते के धारक सहित अन्य शामिल हैं, के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने, आरोपियों की पहचान करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।