🔴2 घायल, नेहरू नगर चौक की घटना
भिलाईनगर, 20 अप्रैल 2026। नेहरू नगर चौक के पहले मगध ढाबा एवं अमन ढाबा के पास एक तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में घुस गई, और पलट गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि इस हादसे में आकाश केशरवानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि थार वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस द्वारा मामले में विधिवत कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

