🔴आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
भिलाईनगर, 15 अप्रैल 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नकली पिस्टल लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पिस्टलनुमा हथियार और कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोन-3 खुर्सीपार स्थित जीरो स्ट्रीट, शहीद भगत सिंह गार्डन के पास एक युवक हाथ में पिस्टलनुमा वस्तु लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर कुछ छिपाने की कोशिश करने लगा।
तलाशी लेने पर युवक के पास से एक स्टील का पिस्टल (जिस पर “RANGER TOY GUN” लिखा हुआ है) और 7 नग प्लास्टिक के कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टी. मधुसुदन (30 वर्ष), निवासी एकता नगर, खुर्सीपार बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने उक्त पिस्टल ऑनलाइन मंगाया था और लोगों को डराने के लिए अपने पास रखता था।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में पिस्टल, कारतूस और लेदर कवर (कुल कीमत लगभग 1400 रुपये) जब्त कर लिया। आरोपी के पास किसी प्रकार का लाइसेंस या वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 6 एवं 28 के तहत अपराध क्रमांक 0136/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर पिस्टलनुमा हथियार का प्रदर्शन कर लोगों में भय उत्पन्न किया जा रहा था, जिसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। मामले की जांच जारी है।

