रायगढ़ में फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर बड़ा साइबर ठगी रैकेट का खुलासा

रायगढ़ में फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर बड़ा साइबर ठगी रैकेट का खुलासा


🔴मास्टरमाइंड सहित टीम पर कार्रवाई


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 13 अप्रैल 2026। फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए लोगों को ठगने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लोक सेवा केंद्र की आड़ में संचालित इस रैकेट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित पूरी टीम को चिन्हित कर जांच शुरू कर दी है। मौके से लैपटॉप, फर्जी दस्तावेज, सील-मुहर और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिली सूचना के आधार पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में साइबर एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने दरोगापारा स्थित निधि परिवहन केंद्र में छापेमारी की।
जांच में खुलासा हुआ कि केंद्र संचालक कपिल गर्ग, जिसकी लोक सेवा केंद्र आईडी पहले ही निरस्त हो चुकी थी, अपने कार्यालय से “इंडिया मैट्रिमोनी” नाम से फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म चला रहा था। इसके जरिए विवाह के इच्छुक लोगों को झांसे में लेकर उनसे पैसे वसूले जा रहे थे।
गिरोह में शामिल युवतियां फर्जी जीमेल आईडी और मोबाइल नंबरों का उपयोग कर यूट्यूब चैनल बनाती थीं, जहां आकर्षक प्रोफाइल, फोटो और वीडियो अपलोड कर संपर्क नंबर साझा किए जाते थे। संपर्क करने वाले लोगों से पहले बायोडाटा लिया जाता, फिर रजिस्ट्रेशन शुल्क यूपीआई के जरिए वसूला जाता था। इसके बाद पसंद की गई प्रोफाइल से बातचीत कराने और मीटिंग आईडी देने के नाम पर दोबारा पैसे लिए जाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा अलग-अलग बहानों से लगातार रकम वसूली जाती थी और अंत में यह कहकर संपर्क तोड़ दिया जाता था कि रिश्ता पसंद नहीं आया।
मुख्य आरोपी कपिल गर्ग की निशानदेही पर पुलिस ने दरोगापारा स्थित एक अन्य केंद्र “शांति देवी सोसायटी ऑफ एजुकेशन” पर भी दबिश दी। यहां की संचालिका हिमांशु मेहर ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से कपिल गर्ग के साथ जुड़ी हुई थी और उसके कहने पर उसके कार्यालय से भी युवतियां इसी तरह लोगों से संपर्क कर ठगी करती थीं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को लैपटॉप में फोटोशॉप के जरिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ के सबूत मिले, साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों की फर्जी सील और मुहर भी बरामद की गईं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों और संबंधित युवतियों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश:
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन ठगी के मामलों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। आम नागरिक किसी भी संदिग्ध मैट्रिमोनियल या सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहें और ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।