रायपुर में RTO कार्यालय का सहायक प्रोग्रामर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रायपुर में RTO कार्यालय का सहायक प्रोग्रामर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


सीजी न्यूज ऑनलाइन 11 अप्रैल 2026। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में पदस्थ सहायक प्रोग्रामर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शोभा राम देवांगन बताया गया है।

एसीपी सूत्रों के मुताबिक प्रार्थी वीर सिंह ठाकुर, निवासी संतोषी नगर रायपुर ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने चौला मंडलम से फाइनेंस कराकर अशोक लेलैंड (बड़ा दोस्त) वाहन खरीदा था, जिसका नामांतरण (ट्रांसफर) कराने के लिए आरटीओ कार्यालय में प्रक्रिया चल रही थी। इसी कार्य के एवज में सहायक प्रोग्रामर शोभा राम देवांगन द्वारा 18,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें से 3,000 रुपये एडवांस के रूप में पहले ही ले लिए गए थे।
शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया और आरोपी द्वारा 15,000 रुपये के स्थान पर 14,000 रुपये लेने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी टीम ने 10 अप्रैल 2026 को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 14,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्ती को दर्शाती है और सरकारी विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।