भारतीय विज्ञान संस्थान IISC बेंगलुरु प्रशिक्षण में दुर्ग के प्राध्यापकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

भारतीय विज्ञान संस्थान IISC बेंगलुरु प्रशिक्षण में दुर्ग के प्राध्यापकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन


🔴 दो प्राध्यापकों को मिला “बेस्ट परफॉर्मर अवॉर्ड”


दुर्ग, 11 अप्रैल 2026। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 23 मार्च से 7 अप्रैल 2026 तक भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के स्किल डेवलपमेंट सेंटर, चल्लकेरे कैंपस, बेंगलुरु में किया गया।
इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग के प्राध्यापकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई। महाविद्यालय के गणित विभाग से डॉ. प्राची सिंह, भौतिक शास्त्र विभाग से डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ. कुसुमांजलि देशमुख, वनस्पति विज्ञान से डॉ. श्रीराम कुंजाम तथा जंतु विज्ञान से डॉ. अलका मिश्रा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान भौतिक शास्त्र विभाग के डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ. कुसुमांजलि देशमुख ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट परफॉर्मर अवॉर्ड” प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। इस कार्यक्रम में नवीनतम शिक्षण तकनीकों, अनुसंधान विधियों एवं उन्नत विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन समारोह में कोर्स संयोजक डॉ. सुब्बा रेड्डी, विभिन्न विज्ञान विषयों के समन्वयक, रूसा कोऑर्डिनेटर डॉ. एम.एस. गुप्ता सहित सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल प्राध्यापकों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार की उपलब्धियां मिलती रहेंगी।
वहीं, भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष एवं स्वशासी प्रकोष्ठ की नियंत्रक डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने सभी प्राध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।