भिलाईनगर, 11 अप्रैल 2026। शहर के सेक्टर-6 क्षेत्र में देर रात जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने धारदार हथियार से वार कर तीन युवकों को घायल कर दिया और एक का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, रूआंबांधा निवासी प्रमोद कुमार बंजारे अपने दोस्तों के साथ 9 अप्रैल की रात कोहका में दोस्त समीर डहरिया का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। सभी युवक तीन मोटरसाइकिल में सवार होकर वापस घर जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे जेपी चौक से 2.5 मिलियन चौक के बीच सेक्टर-6 सी मार्केट मछली बाजार के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के पास खतरनाक तरीके से कट मारा।
इस पर टोका-टोकी होने पर आरोपी बाइक रोककर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में प्रमोद बंजारे को पैर और पेट के नीचे चोट आई, वहीं उसके साथी सोमनाथ के हाथ और डिकांत के जांघ में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद जब सभी युवक थाने जाने के लिए निकले, तभी आरोपियों ने एक बार फिर उनका पीछा किया और चलते वाहन से झपट्टा मारकर सोमनाथ के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
घायलों को तत्काल सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इसके बाद परिजनों से सलाह लेकर 10 अप्रैल को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रार्थी की शिकायत पर भिलाई भट्टी पुलिस ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 118(1), 296, 3(5), 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

