दुर्ग, 09 अप्रैल 2026। जिले में अवैध शराब परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में तीन अलग-अलग प्रकरणों में जब्त किए गए वाहनों को जिलाधीश दुर्ग द्वारा राजसात करने का आदेश जारी किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना जामुल और थाना रानीतराई क्षेत्र में दर्ज मामलों में अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए वाहनों को पहले ही जब्त किया गया था। इन प्रकरणों में विधिवत जांच और प्रतिवेदन के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को राजसात करने का निर्णय लिया।
थाना जामुल के अपराध क्रमांक 162/2021 में 2 मई 2021 को एक आइसर वाहन (CG-07/BS-1180) में अवैध शराब का परिवहन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, दूसरे प्रकरण (अपराध क्रमांक 348/2024) में 17 सितंबर 2024 को पिक-अप वाहन (CG-07/CN-2670) में अवैध गतिविधि पकड़ी गई।
इसी तरह थाना रानीतराई के अपराध क्रमांक 52/2024 में 15 अप्रैल 2024 को अशोक लीलैंड ट्रक (UP-11/CT-5490) में मवेशियों की अवैध तस्करी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया था।
इन सभी मामलों में दुर्ग पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन पर सुनवाई के बाद जिलाधीश ने तीनों वाहनों को राजसात करने का आदेश पारित किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब और पशु तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। थाना जामुल और रानीतराई पुलिस की सतत निगरानी और वैधानिक कार्रवाई की सराहना की गई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

