🔴गुरुवार को फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन
भिलाईनगर 8 अप्रैल 2026। छावनी थाना क्षेत्र के कैम्प-2 शारदा पारा तालाब में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए एक हमाल की डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम तालाब में युवक की तलाश करती रही, लेकिन अंधेरा होने तक शव बरामद नहीं हो सका। अब गुरुवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
मृतक की पहचान संतोष यादव उर्फ पोपू (40) के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। जानकारी के मुताबिक, संतोष बुधवार शाम करीब 4 बजे तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे पानी में नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। टीम ने देर शाम तक तालाब में सर्चिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि दो साल पहले तालाब को गहरा किया गया था, जिसके बाद से यह ज्यादा खतरनाक हो गया है। तालाब में फैली जलकुंभी के कारण पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तालाब के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। जलकुंभी की अधिकता से तालाब और भी जोखिम भरा हो गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है। शव मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

