शराब घोटाला केस में सौम्या समेत 3 आरोपियों के खिलाफ नवम पूरक चालान पेश

शराब घोटाला केस में सौम्या समेत 3 आरोपियों के खिलाफ नवम पूरक चालान पेश


🔴कुल 51 आरोपी चार्जशीटेड

सीजी न्यूज ऑनलाइन 8 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला प्रकरण में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष न्यायालय में नवम पूरक चालान प्रस्तुत किया है। यह चालान तीन गिरफ्तार आरोपियों—सौम्या चौरसिया, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ के.के. श्रीवास्तव और देवेन्द्र डडसेना—के खिलाफ दाखिल किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 51 आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।

ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक 04/2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 सहित भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत कार्रवाई की जा रही है।

डडसेना पर अवैध रकम के प्रबंधन का आरोप

जांच में सामने आया है कि आरोपी देवेन्द्र डडसेना, जो राजीव भवन का पूर्व एकाउंटेंट रहा है, ने शराब घोटाले से जुड़ी अवैध राशि को प्राप्त करने, सुरक्षित रखने और निर्देशानुसार आगे पहुंचाने का काम किया। इस तरह उसने आपराधिक षड्यंत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सिंडिकेट को सहयोग दिया।

के.के. श्रीवास्तव की भूमिका भी अहम

विवेचना में यह भी प्रमाणित हुआ है कि कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ के.के. श्रीवास्तव ने अवैध उगाही तंत्र के जरिए इस आर्थिक अपराध में सक्रिय भागीदारी निभाई। उसने नगद राशि के उठाव, परिवहन, व्यवस्थापन, निवेश और खपाने के साथ-साथ अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर अवैध धन अर्जित किया।
सौम्या चौरसिया पर पद के दुरुपयोग का आरोप
तत्कालीन उप सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय रहीं सौम्या चौरसिया पर आरोप है कि उन्होंने अपने शासकीय पद का दुरुपयोग करते हुए शराब घोटाला सिंडिकेट को संरक्षण, समन्वय और प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया। जांच एजेंसी के अनुसार, उनकी भूमिका से शासन के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।

जांच जारी, और भी हो सकते हैं खुलासे

ईओडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि मामले में अन्य शासकीय, अशासकीय और राजनीतिक व्यक्तियों के साथ-साथ संबंधित संस्थाओं, फर्मों और कंपनियों की भूमिका की जांच अभी जारी है। नए साक्ष्य मिलने पर अलग से और चालान पेश किए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।