दुर्ग अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 : मतदान 4 अप्रैल को जानिए पूरी प्रक्रिया व निर्देश

दुर्ग अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 : मतदान 4 अप्रैल को जानिए पूरी प्रक्रिया व निर्देश


दुर्ग, 3 अप्रैल 2026। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदान 4 अप्रैल 2026 (शनिवार) को सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अधिवक्ता कक्ष क्रमांक 04 के पीछे स्थित मैदान में कराया जाएगा।

मतदान के लिए जरूरी दस्तावेज

मतदान करने के लिए सभी अधिवक्ताओं को अपना अधिवक्ता परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परिचय पत्र नहीं होने पर मतदान से वंचित किया जा सकता है।
इसके साथ ही “वन बार वन वोट” के तहत मतदाताओं से घोषणा पत्र भी भरवाया जाएगा, जिसमें यह प्रमाणित करना होगा कि वे किसी अन्य अधिवक्ता संघ में पंजीकृत नहीं हैं।
AIB परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके सदस्यों को अपना प्रमाण पत्र भी साथ रखना आवश्यक होगा।

17 पदों पर 64 प्रत्याशी मैदान में

इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

ऐसे करें मतदान

▪️अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला), सचिव, सहसचिव, सहसचिव (महिला), कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव (सामान्य व महिला) – हर पद पर 1-1 प्रत्याशी का चयन करना होगा।

▪️कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य) के 5 पदों के लिए 18 प्रत्याशी हैं – इनमें केवल 5 का चयन करना होगा।

▪️कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के 2 पदों के लिए 4 प्रत्याशी हैं – इनमें 2 का चयन करना होगा।

महत्वपूर्ण चेतावनी

निर्धारित संख्या से अधिक प्रत्याशियों को चुनने पर उस पद का मत अवैध माना जाएगा, इसलिए सावधानीपूर्वक मतदान करें।

दो रंग के मतपत्र मिलेंगे

▪️🔵 नीला मतपत्र – सभी प्रमुख पदों के लिए

▪️🌸 गुलाबी मतपत्र – कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य व महिला) के लिए

मतदाताओं से अपील

चुनाव समिति ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे मतदान प्रक्रिया को समझकर ही मतदान करें, ताकि उनका वोट वैध रहे और वे अपने प्रतिनिधियों का सही चयन कर सकें।
इस बार का चुनाव काफी रोचक होने की संभावना है, क्योंकि सभी पदों पर मुकाबला कड़ा है।