🔴3 अपचारी बालिकाएं सहित 5 गिरफ्तार
भिलाई नगर 01 अप्रैल 2026। जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयों में कुल 11 किलो से अधिक गांजा जब्त करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भिलाई नगर में तीन अपचारी बालिकाएं और छावनी क्षेत्र से एक पुरुष व एक महिला शामिल हैं।
भिलाई रेलवे स्टेशन के बाहर 3 अपचारी बालिकाएं पकड़ी गईं
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 31 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर एसीसीयू और थाना भिलाई नगर की संयुक्त टीम ने भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के बाहर घेराबंदी कर कार्रवाई की। महिला पुलिस की मौजूदगी में तीन अपचारी बालिकाओं को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 पैकेट में 08 किलो 44 ग्राम गांजा, ₹36,200 नगद और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त गांजे की कीमत करीब ₹4 लाख बताई गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 20(ख), 27(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर बालिकाओं को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
छावनी क्षेत्र में रेड: 2 आरोपी गिरफ्तार
इसी दिन छावनी थाना क्षेत्र के बैकुण्ठ धाम (कैम्प-02 भिलाई) में भी पुलिस ने रेड कार्रवाई कर एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान एस बोस और एस शीतल के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 03 किलो 472 ग्राम गांजा और ₹1,660 नगद बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब ₹1.73 लाख आंकी गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
अवैध कमाई के लिए कर रहे थे गांजा बिक्री
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से गांजा बेच रहे थे।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
दोनों ही कार्रवाइयों में एसीसीयू, भिलाई नगर और छावनी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

