दुर्ग, 23 मार्च 2026। अवैध अफीम खेती और तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करते हुए अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
670 ग्राम डोडा चूरा और नगदी बरामद:
नवीन कार्रवाई में आरोपी सुखराम बिश्नोई (निवासी पिलवा, राजस्थान) को सिलोदा स्थित राजस्थानी भोजनालय क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 670 ग्राम डोडा चूरा, ₹18,540 नगद, एक डस्टर वाहन (CG04 HD 6632), इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और वाहन के दस्तावेज बरामद किए गए।
पहले भी हो चुकी है कई गिरफ्तारियां:
इस मामले में पहले ही विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर, छोटू राम, रणछोड़ राम उर्फ रणजीत, सुनील देवासी और मदरूपा राम विश्नोई को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व कार्रवाई में डोडा चूरी बिक्री से ₹42,000 की नगदी भी जब्त की गई थी।
मेमोरेंडम से मिला सुराग:
मुख्य आरोपी विकास बिश्नोई के मेमोरेंडम बयान के आधार पर सुखराम बिश्नोई की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई:
पूरे मामले में थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा-सिरसा में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा तस्करी नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खागेंद्र पठारे सहित पुलगांव थाना, जेवरा-सिरसा चौकी और ACCU दुर्ग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

