वन-वे व्यवस्था बनी हादसों की वजह : दुर्घटनाओ में भिलाई के युवक सहित 2 की मौत

वन-वे व्यवस्था बनी हादसों की वजह :   दुर्घटनाओ में भिलाई के युवक सहित 2 की मौत


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 23 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि के दौरान अंजोरा से राजनांदगांव तक पदयात्रियों की सुविधा के लिए लागू की गई वन-वे यातायात व्यवस्था अब हादसों की वजह बनती नजर आ रही है। रविवार को अलग-अलग समय पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे पुलिस के सुरक्षित यातायात के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ओवरटेक के दौरान ट्रक ने दंपत्ति को कुचला:

पहला हादसा उस समय हुआ जब भिलाई निवासी नागराज साहू (45) अपनी पत्नी पुष्पा साहू (40) के साथ बाइक से दुर्ग की ओर जा रहे थे। अंजोरा-राजनांदगांव मार्ग पर वन-वे व्यवस्था के कारण बढ़े यातायात दबाव के बीच ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नागराज साहू ट्रक के पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

कार डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत:

दूसरा हादसा रविवार तड़के करीब 4 बजे हुआ। राजनांदगांव निवासी हर्षदीप सिंह (करीब 35 वर्ष) दुर्ग से अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा झपकी आने के कारण हुआ।

वन-वे व्यवस्था पर उठे सवाल:

नवरात्रि में पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए नेशनल हाईवे को वन-वे किया गया है, लेकिन इससे यातायात का दबाव बढ़ गया है। लगातार हो रहे हादसों ने इस व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच जारी:

दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, इन घटनाओं के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर भी दबाव बढ़ गया है।