🔴पीड़िता से 12 लाख वसूलने का खुलासा
भिलाईनगर, 20 मार्च 2026। कर्ज की आड़ में धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का सुपेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मैत्री विहार, राधिका नगर सुपेला निवासी रिया पाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि उसने आरोपियों से 1 लाख रुपये उधार लिया था, लेकिन अब तक वह करीब 12 लाख रुपये ब्याज सहित चुका चुकी है। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे की मांग कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पीड़िता से दो ब्लैंक चेक अपने पास रख लिए थे और उनमें अधिक राशि भरकर कोर्ट के माध्यम से वसूली करने की धमकी दे रहे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे और गाली-गलौज कर डराने-धमकाने लगे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं कर्जा अधिनियम की धारा 04 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों—कंचन सिंह (42), बरखा शर्मा (45) और वसीम खान (26)—को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ब्लैंक चेक भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध ब्याज वसूली के जरिए आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियों में लिप्त थे।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक नमिता टेकाम, प्रधान आरक्षक उपेंद्र सिंह, आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह और महिला आरक्षक दुर्गा विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध सूदखोरी, धमकी या जबरन वसूली का शिकार होता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

