🔴 दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 11 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, 19 मार्च 2026। जिले में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन करने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना पदमनाभपुर और मोहन नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक गिरोह को उपलब्ध कराए जाते थे। इन खातों के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर अवैध लेन-देन किया जा रहा था।
तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की शुरुआत हुडको भिलाई निवासी अविनाश दुबे (27 वर्ष) की शिकायत से हुई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की पड़ताल कर म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान की। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
प्रकरण में थाना मोहन नगर और पदमनाभपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
लालच में देते थे खाते
जांच में सामने आया कि आरोपी लालच में आकर अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग अवैध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में किया जाता था।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी या अन्य वित्तीय जानकारी किसी को न दें। इस तरह की गतिविधियों में शामिल होना कानूनन अपराध है और इसके लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

