🔴आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
दुर्ग, 19 मार्च 2026। जिले के अंडा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना 18 मार्च की आधी रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका अमृत बाई साहू को गांव में ट्रैक्टर क्रमांक CG 07 CU 0939 के चालक भूपेन्द्र कुमार साहू ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
घटना की सूचना मिलने पर उनके नाती नुमेश कुमार साहू (21 वर्ष) परिजनों के साथ घायल अवस्था में उन्हें पहले ज्योति नर्सिंग होम अंडा ले गए, जहां प्राथमिक जांच के बाद दुर्ग रेफर किया गया। इसके बाद राजवंशी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से भी जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल दुर्ग में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमृत बाई को मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में 19 मार्च को नुमेश कुमार साहू की रिपोर्ट पर अंडा पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक भूपेन्द्र कुमार साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध क्रमांक 0028/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।

