सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 12 मार्च 2026। झारखंड के शराब घोटाले में फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के कारोबारी नवीन केडिया को Jharkhand Anti Corruption Bureau (एसीबी) ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह सरेंडर करने के लिए Ranchi पहुंचा था, जहां से एसीबी ने उसे हिरासत में ले लिया।
एसीबी ने आरोपी को स्पेशल जज ओंकारनाथ चौधरी की अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड मंजूर की है। इस दौरान एसीबी उससे शराब आपूर्ति और कथित अनियमितताओं को लेकर पूछताछ करेगी।
दरअसल, एसीबी ने 8 जनवरी 2026 को केडिया को Goa के एक स्पा सेंटर से मसाज कराते समय गिरफ्तार किया था। अगले दिन गोवा की अदालत ने उसे चार दिन की ट्रांजिट बेल देते हुए 12 जनवरी तक एसीबी के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया था। लेकिन ट्रांजिट बेल मिलने के बाद वह गोवा से पहले Delhi और फिर छत्तीसगढ़ पहुंच गया और तय समय पर एसीबी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
निम्न गुणवत्ता वाली शराब सप्लाई का आरोप
नवीन केडिया पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप है। बताया जाता है कि उसकी कंपनी Chhattisgarh Distillery Pvt Ltd द्वारा निर्मित देसी शराब में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व पाए गए थे। इसके अलावा पूर्व उत्पाद नीति के दौरान झारखंड में शराब ठेका लेने के लिए अधिकारियों से सांठगांठ करने के आरोप भी लगे हैं।
फरारी मामले में 8 पुलिसकर्मी हुए थे निलंबित
केडिया के फरार होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए Jharkhand Anti Corruption Bureau ने कड़ी कार्रवाई की थी। निगरानी में चूक पाए जाने पर एसीबी के एडीजी ने 8 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। इनमें एसीबी के इंस्पेक्टर विजय केरकेट्टा, दारोगा शशिकांत कुमार, हवलदार अनूप साह, सिपाही रौशन सिंह व अमन प्रताप और रांची जिला पुलिस के दारोगा राहुल कुमार, एएसआई राजीव रंजन कुमार तथा सिपाही रवि शंकर शर्मा शामिल हैं।
फिलहाल एसीबी मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

