🔴मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने गोमय हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना
दुर्ग, 11 मार्च 2026। विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय अपने जन्मदिन के अवसर पर दुर्ग जिले के ग्राम नारधा स्थित सिद्ध गोमय से निर्मित हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उनके आगमन से गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा और ग्रामीणों ने इसे अपने गांव के लिए शुभ अवसर बताया।
मंदिर पहुंचने पर ग्राम सरपंच रानू वर्मा और ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पंडित सुरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

ग्रामवासियों से बातचीत करते हुए कौशल्या साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि जब गांवों में मूलभूत सुविधाएं मजबूत होती हैं तो लोगों का जीवन स्तर स्वतः बेहतर होता है। उन्होंने ग्राम नारधा के शांत और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
उन्होंने ग्राम की आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए सड़क व्यवस्था, पेयजल सुविधा और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए छायादार शेड निर्माण की जरूरत पर सहमति जताई। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन कार्यों में जो भी संभव सहयोग होगा, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान सरपंच रानू वर्मा ने उन्हें नारधेश्वर गौधाम के संचालन की जानकारी देते हुए बताया कि यहां बीमार, घायल और निराश्रित गौवंश की सेवा की जाती है तथा गौसेवा को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल की जानकारी सुनकर कौशल्या साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और करुणा की पहचान है और समाज के सहयोग से ऐसे कार्य निश्चित रूप से सफल होते हैं।

उन्होंने शीघ्र ही पुनः नारधा आने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके मन में इस पवित्र स्थल पर आने का विचार था और जन्मदिन के अवसर पर यहां आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।
ग्रामवासियों ने उनके आगमन को प्रेरणादायक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ग्राम नारधा में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

