खम्हरिया स्थित बहुमंजिला इमारत के 6 वें माले से कूदकर युवक ने की आत्महत्या, स्मृति नगर पुलिस मौके पर , कारण का खुलासा नहीं, घटना के पूर्व फोन किया था परिजनों को
भिलाई नगर 9 अक्टूबर । स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पंडित दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया के बहुमंजिला इमारत के छठवें माले से कूदकर युवक ने आत्महत्या कर ली। स्मृति नगर पुलिस ने बताया कि मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है। तलाशी में पुलिस को कोई सुसाइडल नोट भी प्राप्त नहीं हुआ। आत्महत्या करने का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी जेएल शांडिल्य ने बताया कि मृतक ललित शर्मा पिता चितरंजन शर्मा 25 वर्ष निवासी खुर्सीपार ने दरमियानी रात करीब 2:00 बजे पंडित दीनदयाल कॉलोनी की बहु मंजिला इमारत के छठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली । आत्महत्या के पूर्व घर वालों को फोन कर अपने द्वारा किए जा रहे कृत्य की सूचना भी दी गई । घटनास्थल पर युवक के पास से कोई सुसाइड नोट भी प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि युवक शराब पीने का आदि था। पुलिस ने बताया कि युवक पूर्व में इसी कॉलोनी में किराए के मकान पर रहता था । उसका इस कॉलोनी में आना-जाना बना हुआ था । इसके पूर्व भी उसके द्वारा आत्महत्या करने का प्रयास किया गया था। फिलहाल इस मामले में पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है मामले की विवेचना की जा रही है। युवक द्वारा आत्महत्या किस कारण से की गई इसका खुलासा नहीं हो सका है।

