भिलाई में 15 मार्च को महिलाओं का सम्मान समारोह और न्यू आइडिया कॉन्क्लेव

भिलाई में 15 मार्च को महिलाओं का सम्मान समारोह और न्यू आइडिया कॉन्क्लेव


🔴मां शारदा सामर्थ्य चेरिटेबल ट्रस्ट का आयोजन

भिलाईनगर, 09 मार्च 2026। मां शारदा सामर्थ्य चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 15 मार्च 2026, रविवार को भिलाई के सुपेला स्थित होटल अमित पार्क में महिलाओं का सम्मान समारोह एवं न्यू आइडिया कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार आयोजन का उद्देश्य समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना तथा युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं नए व्यावसायिक विचारों के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा, व्यवसाय, कला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही आयोजित न्यू आइडिया कॉन्क्लेव में युवाओं और महिलाओं को अपने नए व्यवसायिक विचार साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
आयोजन में शहर के कई गणमान्य अतिथि, समाजसेवी, उद्यमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर महिलाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
ट्रस्ट के सदस्य अमित श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर युवाओं का उत्साहवर्धन करती है तथा जरूरतमंद छात्रों को ठंड के मौसम में स्वेटर और जूते-चप्पल का वितरण भी करती है। वहीं ट्रस्ट के सदस्य अशोक सूरी, रमेश पटेल और फ़ज़ल फारूकी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी सहायता करना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।