🔴जेवरा-सिरसा पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
दुर्ग, 8 मार्च 2026। दुर्ग में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने ग्राम झैंझरी में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खेत से अफीम के पौधे जड़, तना, पत्ती, फूल व फल सहित लगभग 62,424.4 किलोग्राम जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों विकास विश्नोई, मनीष ठाकुर और विनायक ताम्रकार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। तीन आरोपियों को कल ही गिरफ्तार किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि चौकी जेवरा सिरसा में पदस्थ उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे को 6 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवनाथ नदी के पास झैंझरी गांव में एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
पहले दिन पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण कार्रवाई स्थगित कर खेत की सुरक्षा के लिए संतरी तैनात किया गया। अगले दिन 7 मार्च को एफएसएल, तहसीलदार, आबकारी और एनसीबी अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। जांच में खेत में बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी विकास विश्नोई (निवासी जोधपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने विनायक ताम्रकार और मनीष ठाकुर सहित अन्य लोगों की संलिप्तता बताई।
14.30 लाख अफीम के पौधे किए गए जप्त
पुलिस ने मौके से कुल 14,30,100 अफीम के पौधे जब्त किए हैं। सभी पौधों को उखाड़कर तौल कराया गया और वैधानिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर सीलबंद किया गया।
62000 KG अफीम की फसल के विनिष्टीकरण प्रक्रिया शुरू
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मणि शंकर चंद्र ने बताया कि अफीम के 14.30 लाख पौधे के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पुलिस के द्वारा शुरू कर दी गई है।

