सुबह की सैर दुर्ग के दो युवकों के लिए बनी काल, उरला बोगदा दुर्घटना में मारे गए बेकसूर, 12 फीट ऊंचाई से गिरा था चार पहिया वाहन, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक
दुर्ग 10 अक्टूबर। नेशनल हाईवे रोड पर अपना टोल प्लाजा के समीप उरला बोगदा से टाटा सफारी वाहन नीचे गिर जाने के कारण वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि 7 लोग घायल हुए हैं । जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। रायपुर के 8 लोग मां बमलेश्वरी दर्शन के पश्चात डोंगरगढ़ से रायपुर लौट रहे थे । घटना सुबह 6:00 बजे के करीब की बताई जा रही है । सूचना के पश्चात मोहन नगर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि सुबह की सैर में निकले दुर्ग के दो यूको की गाड़ी की चपेट में आने के कारण घटनास्थल पर मौत हुई है।

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेंद्र यादव ने बताया कि टाटा सफारी वाहन क्रमांक सीजी 13 यू डी 9900 से अश्वनी नगर रायपुर के 8 लोग शामिल थे। देवी दर्शन के लिए मां बमलेश्वरी डोंगरगढ़ गए हुए थे। आज सुबह लौट रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर बाफना टोल प्लाजा के समीप उरला बोगदा से 12 फीट ऊंचाई से वाहन ऊपर से नीचे गिर गया। इस हादसे में वाहन चालक पुरेंद्र साहू पिता सोमेंद्र साहू 23 साल अश्वनी नगर रायपुर सहित तीन लोगों की मौत हुई है । दो अन्य मृतकों में सुबह की सैर पर निकले रोशन सोनी पिता एकनाथ सोनी 31 वर्ष जिला न्यायालय दुर्ग में सहायक ग्रेड 3 कंप्यूटर ऑपरेटर निवासी रामनगर उरला दुर्ग एवं अविनाश चंद्राकर पिता रामकिशोर 33 वर्ष निवासी शंकर नगर की मौत हुई है।

इस संबंध में थाना प्रभारी मोहन नगर जितेंद्र वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल स्थल पर पहुंचकर पुलिस के द्वारा घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया ।सभी सात घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है। श्री वर्मा ने बताया कि सुबह की सैर में निकले स्थानीय दोनों ही लोग के ऊपर उक्त वाहन दुर्घटना में गिरा और वाहन की चपेट में आने के कारण 2 लोगों की मौत हुई है। जिनकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। वाहन दुर्घटना के घायल युवकों में उज्जवल देवांगन पिता रामेश्वर देवांगन उम्र 21 साल , सौरभ सरोज पिता गजेन्द्र सरोज उम्र 23 साल , कृष्णा ताम्रकार पिता राजेश ताम्रकार उम्र 16 साल ,धीरज देवांगन पिता रामेश्वर देवांगन उम्र 16 साल, सद्दाम अंसारी पिता सलीम अंसारी उम्र 28 साल, भाव्य साहू पिता हितेश साहू उम्र 15 साल,अमित साहू पिता रामाधार साहू उम्र 23 साल सभी अश्वनी नगर रायपुर के रहने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्ग में कार हादसे में 3 लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दुर्ग के उरला दामाद पारा के पास कार हादसे में 3 लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

