दुर्ग पुलिस की होली पर बड़ी कार्रवाई, धारदार हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की होली पर बड़ी कार्रवाई, धारदार हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार


भिलाईनगर, 1 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना छावनी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय उत्पन्न करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को पेट्रोलिंग एवं अपराध विवेचना के दौरान पावर हाउस चौक स्थित सी-मार्ट के पास एक व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हथियार सहित पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम प्रवीण कुमार तिवारी (24 वर्ष) निवासी शारदा पारा, कैलाश चौक, मिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग बताया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार (फल 8 इंच, मुठ 5 इंच) बरामद किया। वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर हथियार जप्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 121/2025 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

लगातार जारी है विशेष अभियान

होली पर्व को देखते हुए थाना छावनी सहित पूरे जिले में सघन पेट्रोलिंग, चेकिंग एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना छावनी के पेट्रोलिंग स्टाफ, आरक्षक क्रमांक 178, आरक्षक क्रमांक 864 एवं चालक आरक्षक क्रमांक 596 की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के हथियार लेकर घूमना दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।