🔴भिलाई-दुर्ग में सक्रिय राज्यस्तरीय दोपहिया चोरी गिरोह का दुर्ग पुलिस ने किया पर्दाफाश, 31 वाहन बरामद
भिलाईनगर, 25 फरवरी 2026। भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में वर्ष 2024 से लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने राज्यस्तरीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 31 चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए लगभग 31 लाख रुपये मूल्य के 31 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी ई. पापा राव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्तों की तलाश जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि गिरोह विशेष रूप से बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग और भिलाई-भट्टी क्षेत्र को निशाना बनाता था। थाना भिलाई नगर में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं वाहन चोरी कर उन्हें कुंकुरी (जिला जशपुर) ले जाता था, जहां सहयोगियों मनोज राम एवं राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि के माध्यम से वाहनों को खपाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ने भोपाल से मेकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है और वह प्रायः होंडा साइन सहित लोकप्रिय दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था।
बरामद वाहनों में भिलाई-भट्टी क्षेत्र की 13, छावनी थाना क्षेत्र की 3, रायपुर क्षेत्र की 2 तथा 3 ऐसे दोपहिया वाहन शामिल हैं जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं पाए गए। प्रकरण में संबंधित अपराध क्रमांकों के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
▪️ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर
▪️मनोज राम, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
▪️राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
जप्त सामग्री:
कुल 31 दोपहिया वाहन (अनुमानित मूल्य लगभग ₹31 लाख)
सराहनीय भूमिका:
कार्रवाई में थाना भिलाई नगर प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल एवं विशेष जांच दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा पार्किंग में सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वाहन चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

