🔴होली से पहले दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान
दुर्ग, 22 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध धारदार हथियार रखने और सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। अभियान के तहत कुल 27 व्यक्तियों की पहचान कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
पुलिस द्वारा तकनीकी सेल एवं एसीसीयू की सहायता से इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग की गई। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से धारदार हथियार मंगाकर उनके साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे, जिससे आमजन में भय का माहौल बन रहा था।

दो पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
थाना स्तर पर सत्यापन के दौरान थाना छावनी में 02 आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। नाबालिगों द्वारा अपलोड की गई आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में उनके अभिभावकों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई तथा संबंधित पोस्ट हटवाई गई।
जिलेवार कार्रवाई
अभियान के दौरान थाना छावनी (06), मोहन नगर (04), जामुल (03), कोतवाली दुर्ग एवं मोहन नगर (02-02), तथा सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर एवं धमधा (01-01) क्षेत्रों में आरोपियों की पहचान की गई। कार्रवाई के दौरान 02 धारदार हथियार भी जब्त किए गए। साथ ही लगभग 300 व्यक्तियों को अवैध हथियार क्रय न करने की समझाइश दी गई।
पेरेंट्स बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें SSP
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिले में अवैध धारदार हथियार रखने, ऑनलाइन माध्यम से मंगाने या सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सतत और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध हथियारों का संग्रहण, क्रय-विक्रय या प्रदर्शन न करने की अपील की है। साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी अनुरोध किया गया है कि संदिग्ध वस्तुओं की डिलीवरी से पहले आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित करें।

