🔴बाजार से सामान खरीद घर लौट रहा था युवक
भिलाईनगर, 22 फरवरी 2026। जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच एक और चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां देर शाम 18 वर्षीय युवक रितिक चौधरी पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रितिक बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और उससे पैसे लूटने का प्रयास किया। युवक द्वारा बहादुरी से विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रितिक जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। छावनी बाजार क्षेत्र में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।

