🔴शिनाख्त के लिए पुलिस ने वस्त्र, चूड़ियों, कंगन की फोटो की जारी
भिलाईनगर, 12 फरवरी 2026। थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसादा खार में केवल्य धाम के पीछे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था। शव की शिनाख्त करीब एक माह बाद भी नहीं हो सकी है। पुलिस के द्वारा महिला की पहचान के लिए हाथ में पहनी हुई चूड़ियों, टैटू, वस्त्र, कंगन एवं चप्पल की फोटो जारी किए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 17 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि केवल्य धाम के पीछे एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की स्थिति से अनुमान है कि महिला की मृत्यु लगभग 10 से 15 दिन पूर्व हुई होगी, जिसके कारण तत्काल पहचान संभव नहीं हो सकी।
मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला के हाथ में “विनोद शर्मा” नाम का टैटू अंकित है, जो पहचान का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। इसके अलावा महिला द्वारा पहने गए वस्त्र, चूड़ी, कंगन और चप्पल भी जब्त किए गए हैं।
थाना कुम्हारी में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी रिपोर्ट से भी मिलान कर रही है।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि टैटू, हुलिया या बरामद वस्त्रों के आधार पर किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना कुम्हारी या निकटतम पुलिस थाना में सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

