🔴जिला अस्पताल परिसर में की थी छेड़छाड़ व मारपीट, अब हुआ गिरफ्तार
दुर्ग, 11 फरवरी 2026। जिला चिकित्सालय दुर्ग परिसर में एक युवती के साथ मारपीट, गाली-गलौज और छेड़छाड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर युवती का पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्र ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को प्रार्थिया ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह शासकीय जिला चिकित्सालय दुर्ग में बी.ए.एम.एस. की इंटर्नशिप कर रही है। आरोपी पिछले कुछ समय से उसका पीछा कर रहा था और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था।
शिकायत के मुताबिक 10 फरवरी को दोपहर करीब 1:20 बजे जिला चिकित्सालय के पार्किंग क्षेत्र में आरोपी ने युवती को बुरी नियत से पकड़कर जबरन साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 78(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी दानिश निर्मलकर उर्फ दानेश्वर निर्मलकर (26 वर्ष) निवासी संतोषी चौक, वार्ड क्रमांक 06, जामुल भिलाई को 11 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस प्रकरण में कोई भौतिक जप्ती नहीं हुई है। कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।

