खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों के बाहर वाहनों की डिग्गी से पर करता था मोबाइल फोन

खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों के बाहर वाहनों की डिग्गी से पर करता था मोबाइल फोन


🔴चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 6 लाख के फोन बरामद

भिलाईनगर, 11 फरवरी 2026। भिलाई नगर पुलिस ने खेल मैदानों एवं परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों से मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी किए गए मोबाइल को अनलॉक कर बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन जप्त किए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-7 में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खड़ी गाड़ियों से तीन मोबाइल फोन, कार की चाबी एवं अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस पर अपराध क्रमांक 663/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान यह सामने आया कि खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी दोपहिया वाहनों की डिक्की से मोबाइल चोरी की कई घटनाएं हो रही हैं। सतत निगरानी एवं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही शुभम श्रीवास (24 वर्ष) निवासी कातुलबोर्ड हरिनगर दुर्ग (स्थायी पता थाना ओमती, जिला जबलपुर, म.प्र.) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह खेल मैदानों एवं परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी स्कूटी और अन्य वाहनों की डिक्की से मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी करता था। आरोपी सामान्य लॉक पैटर्न का उपयोग कर मोबाइल अनलॉक कर संबंधित बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन जप्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस टीम की सक्रिय एवं सतर्क भूमिका रही।

🔔 पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने मोबाइल में फेस लॉक एवं फिंगरप्रिंट लॉक का उपयोग करें। मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं, CEIR पोर्टल पर सूचना दें तथा अपने बैंक खातों की नियमित जांच करते रहें।