🔴अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर सख्त निर्देश
🔴रात की गश्त बढ़ेगी, नशे पर चलेगा डंडा
दुर्ग, 10 फरवरी 2026। जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक , दुर्ग द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, विवेचना की गुणवत्ता, लंबित अपराधों, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही तथा प्रशासनिक अनुशासन से जुड़े बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, गवाहों के कथन, तकनीकी साक्ष्यों एवं वैधानिक प्रावधानों का पूर्णतः पालन किया जाना आवश्यक है।
बैठक में आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं वारंटियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लंबित अपराधों, चालान एवं न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश इस प्रकार हैं—
▪️समस्त थाना प्रभारी प्रतिदिन अनिवार्य रूप से थाना गणना उपस्थित सुनिश्चित करेंगे।
▪️स्थानीय स्तर पर प्राप्त जन-शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा।
▪️गंभीर अपराधों की सूचना समय पर संबंधित राजपत्रित अधिकारियों को दी जाएगी।
▪️गंभीर मामलों में थाना प्रभारी स्वयं एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे।
▪️समस्त आरक्षक A-B नोटबुक का संधारण करेंगे, जिसका साप्ताहिक निरीक्षण किया जाएगा।
▪️थाना प्रभारी द्वारा थाना मुख्यालय में रात्रि मुकाम अनिवार्य रहेगा।
▪️अवैध नशा, मादक पदार्थ एवं नशा तस्करी के विरुद्ध सतत एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
▪️विधानसभा सत्र को दृष्टिगत रखते हुए बीट व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
▪️पुलिस कार्यालय से प्राप्त पत्राचार का समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
▪️NAFIS प्रणाली का बीट सिस्टम के माध्यम से शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
▪️NDPS एवं आबकारी अधिनियम के तहत जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया जाएगा।
▪️जप्त वाहनों एवं शराब के मामलों में वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
▪️ई-चालान, ई-समन एवं ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।
▪️लंबित प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं मर्ग प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
▪️रात्रिकालीन गश्त के प्वाइंट बढ़ाए जाएंगे।
▪️थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से सम्मानपूर्वक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपरोक्त आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

