🔴इडली-डोसा बेचने की आड़ में सूने मकानों करते थे रेकी, ₹7.15 लाख का माल बरामद
दुर्ग, 09 फरवरी 2026। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी और सघन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पाटन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न थाना क्षेत्रों के 08 चोरी प्रकरणों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात एवं नकद राशि सहित कुल ₹7,15,820 मूल्य की संपत्ति जप्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 08 फरवरी 2026 को दुर्ग पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम गठित कर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मठ पुरैना, रायपुर क्षेत्र से तीन मुख्य आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में
मनीष अमोरिया (25 वर्ष), जितेन्द्र गायकवाड़ (23 वर्ष) एवं रवि साहू (23 वर्ष) — तीनों निवासी ग्राम लखौली, जिला राजनांदगांव शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रायपुर के मठ पुरैना क्षेत्र में इडली-डोसा बेचने का काम करते थे और इसी दौरान सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पांच थाना क्षेत्र की चोरियों का खुलासा
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पाटन, उतई, अमलेश्वर, नंदनी एवं रानीतराई थाना क्षेत्रों में घटित चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। आरोपियों द्वारा नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि चोरी की गई थी।
चोरी के माल के खरीददार भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों में धर्मेन्द्र साहू (33 वर्ष), उमेश उर्फ पिंटू सोनी (35 वर्ष) एवं प्रकाश सोनी (38 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है।
जप्त सामग्री में सोने-चांदी के जेवरात बरामद
जप्त सामग्री में सोने-चांदी के लॉकेट, अंगूठी, चेन, पायल सहित ₹12,800 नकद शामिल है। सभी प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(3) एवं 305 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में 10 प्रकरण दर्ज हैं।
ACCU टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना पाटन एवं ACCU टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और समन्वित प्रयास से चोरी के मामलों का सफल खुलासा संभव हो सका।
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा चोरी का माल खरीदने या बेचने से बचें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

