Bhilai में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से 5 वर्षीय बच्ची की मौत

Bhilai में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से 5 वर्षीय बच्ची की मौत


🔴खुर्सीपार थाने में चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

भिलाई नगर 07 फरवरी 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्ची श्रेया जांगड़े की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

खुर्सीपार पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को श्रेया जांगड़े की मां किरण जांगड़े अपनी बेटी को स्कूटी (TVS क्यूब क्रमांक CG07CY9360) से शंकराचार्य विद्यालय हुडको छोड़ने जा रही थीं। जैसे ही वे पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे, होंडा शोरूम के पास पहुंचीं, उसी दौरान भिलाई की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG04HB3911 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल गायत्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां से बच्ची श्रेया की गंभीर हालत को देखते हुए उसे स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल सुपेला रेफर किया गया। इलाज के दौरान 03 फरवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे श्रेया जांगड़े की मौत हो गई। वहीं मां किरण जांगड़े का इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर थाना सुपेला में मर्ग कायम की गई थी, लेकिन मूल घटनास्थल खुर्सीपार थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी थाना खुर्सीपार भेजी गई। जांच उपरांत पुलिस ने ट्रेलर चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(a), 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 0051/26 पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई है। मामले की विवेचना जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।