🔴धारदार हथियार व एक्टिवा जप्त
दुर्ग, 5 फरवरी 2026। दुर्ग शहर में हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला करने के मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवक पर धारदार हथियार से सीने और हाथ पर जानलेवा हमला किया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 फरवरी 2026 को सुबह करीब 09:15 बजे प्रार्थी संजय गुप्ता (23 वर्ष), निवासी डिपरा पारा, दुर्ग, ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास खड़ा था, तभी आरोपी सौरभ यादव उर्फ गोगो ने उसे अपनी एक्टिवा में बैठने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से धारदार हथियार निकालकर प्रार्थी के सीने एवं बाएं हाथ पर हमला कर दिया।
हमले में प्रार्थी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसी दिन 04 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार हथियार तथा एक एक्टिवा वाहन भी जप्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ यादव उर्फ गोगो (20 वर्ष), निवासी डिपरा पारा, दुर्ग, के रूप में हुई है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं थाना स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

