आदि शक्ति माँ जगदम्बा मंदिर सेक्टर 7 में हुआ शस्त्र पूजन, रामनवमी को कन्या भोज व ज्योति विसर्जन का भी हुआ था आयोजन
भिलाईनगर 16 अक्टूबर । आदि शक्ति माँ जगदम्बा मंदिर महाराणा प्रताप भवन परिसर सेक्टर 7 में कल विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इसके पूर्व नवमी को कन्या भोज व ज्योत विसर्जन का कार्यक्रम भोग प्रसाद के वितरण के साथ सांध्य बेला में सम्पन्न हुआ।
विजयादशमी के अवसर पर सुबह 9 बजे आदि शक्ति माँ जगदम्बा मंदिर परिसर में क्षत्रिय कल्याण सभा भिलाईनगर द्वारा शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक क्षत्रियों ने अपने शस्त्र के साथ उपस्थित होकर पूजा अर्चना कर लोगों को विजयादशमी पर्व की बधाई दी। सुबह पं. रजनीश मिश्रा द्वारा शस्त्र पूजन का कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि विधान से सम्पन्न करवाया गया। क्षत्रिय कल्याण सभा के सचिव अरविंद सिंह व प्रमोद कुमार सिंह ने यजमान की भूमिका उपस्थित रहकर शस्त्र पूजन की प्रक्रिया को सम्पन्न करवाया।

इसके पूर्व रामनवमी के अवसर पर 14 अक्टूबर को संध्या बेला में मंदिर परिसर में बने जलकुण्ड में पं. शिवम पाण्डेय व पं. अखिलेशधर द्विवेदी ने स्वयं की उपस्थिति में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ज्योति कलश प्रज्जवलित करवाये। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भोग प्रसाद ग्रहण किया। ज्योति कलश प्र्रज्जवलन के पूर्व दोपहर में आदि शक्ति माँ जगदम्बा मंदिर परिसर में पं. रजनीश मिश्रा ने 100 से अधिक कुँवारी कन्याओं को भोग प्रसाद खिलाकर उनका टीका लगाकर सम्मान के साथ उनकी विदाई की। इस अवसर पर विभिन्न समाज के पुरूष एंव महिलाओं ने भी कुँवारी कन्या भोग में विभिन्न माध्यमों से शामिल होकर अपनी भागीदारी निभाई।

