ऑनलाइन ठगी के म्यूल अकाउंट मामले में सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऑनलाइन ठगी के म्यूल अकाउंट मामले में सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई


🔴जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता खोलकर 12.78 लाख की ठगी रकम आहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार



भिलाईनगर, 30 जनवरी 2026। ऑनलाइन ठगी के मामलों पर शिकंजा कसते हुए सुपेला थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक, सुपेला में खाता खुलवाकर 12 लाख 78 हजार 997 रुपये से अधिक की अवैध ठगी राशि अपने खाते में जमा कराई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से म्यूल अकाउंट से संबंधित इनपुट प्राप्त हुआ था। जांच में पाया गया कि वैशाली नगर निवासी मोहम्मद गुलाम अंसारी (36 वर्ष) ने जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक, सुपेला में खाता खुलवाकर ऑनलाइन ठगी की रकम को प्राप्त किया और धोखाधड़ीपूर्ण तरीके से अवैध धनलाभ अर्जित किया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी द्वारा दिनांक 16 अक्टूबर 2024 से लगातार ऑनलाइन ठगी की रकम अपने खाते में जमा कराई जा रही थी। कुल ₹12,78,997 की राशि ठगी से प्राप्त कर खाते में जमा करना पाया गया।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 158/2026, धारा 317(2), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, सउनि पूरण दास साहू एवं अभय शुक्ला की विशेष भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: मोहम्मद गुलाम अंसारी
उम्र: 36 वर्ष
निवास: वैशाली नगर, दुर्ग
पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या अपने खाते के दुरुपयोग से संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।