🔴शादी के दबाव से तंग आकर प्रेमी ने रची थी साजिश
भिलाईनगर 29 जनवरी 2026। भिलाई की एक 21 वर्षीय युवती की खैरागढ़ क्षेत्र में प्रेम संबंध के चलते नृशंस हत्या कर शव को जलाशय में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के लिए चुनौती बने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को खैरागढ़ पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
खैरागढ़ डीएसपी ममता अली शर्मा ने बताया कि 26 जनवरी की दोपहर लगभग 12 बजे थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान जलाशय में थोड़ी दूरी पर एक कैरी बैग मिला, जिसमें मृतका का आधार कार्ड, चप्पल एवं अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज पाए गए। दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान रूपा साहू (21 वर्ष) पिता देवनाथ साहू, निवासी रामनगर मुक्तिधाम सुपेला, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया एवं सीएचसी घुमका से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि की।
शादी की बात करने गई थी, फिर हो गई लापता
डीएसपी ममता अली शर्मा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी शादी से इंकार कर रहा था।
करीब 3-4 माह पूर्व मृतका आरोपी के घर शादी की बात करने गई थी, जहां उसके साथ मारपीट कर भगा दिया गया था।
परिजनों ने बताया कि 25 जनवरी को मृतका पुनः शादी की बात करने आरोपी के घर गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पीछा छुड़ाने प्रेमी ने रची हत्या की साजिश
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था और शादी नहीं करना चाहता था। मृतका द्वारा बार-बार शादी का दबाव बनाए जाने से वह परेशान था।
आरोपी ने योजना बनाकर युवती को मोटरसाइकिल में बैठाकर हरडुवा जलाशय ले गया, जहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव को ठिकाने लगाने के लिए मृतका की कमर में दो गमछे बांधकर बड़े पत्थर से बांधा और जलाशय में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े एवं मोटरसाइकिल जब्त की है। कार्रवाई में एसडीओपी, साइबर सेल एवं थाना ठेलकाडीह पुलिस की अहम भूमिका रही।

