15% ब्याज पर उधारी, जान से मारने की धमकी और अवैध वसूली का मामला

15% ब्याज पर उधारी, जान से मारने की धमकी और अवैध वसूली का मामला


🔴कुम्हारी रेलवे कर्मचारी पर मामला दर्ज, ढाई लाख देकर युवक से वसूले करीब 4 लाख

भिलाईनगर, 29 जनवरी 2026। थाना कुम्हारी क्षेत्र में एक गंभीर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। 15 प्रतिशत ब्याज दर पर उधारी देकर युवक को डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपये की अवैध वसूली की गई। आरोप में कुम्हारी पुलिस ने रेलवे कर्मचारी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

कुम्हारी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदिका श्रीमती सुमन टंडन (45 वर्ष) निवासी अविनाश ट्विन सिटी, कुम्हारी टोल प्लाजा के पास, जिला दुर्ग ने थाना कुम्हारी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके 20 वर्षीय पुत्र लक्ष्य टंडन, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है। बिना पारिवारिक जानकारी के सचिन द्विवेदी पिता स्व. सुनील द्विवेदी, उम्र 23 वर्ष, निवासी वर्मा किराना स्टोर के सामने, कुम्हारी द्वारा उधारी में रकम दी गई।
आरोपी सचिन द्विवेदी, जो कुम्हारी रेलवे स्टेशन में टिकट काटने का कार्य करता है, द्वारा 15 प्रतिशत ब्याज की दर से रकम देकर बाद में दबाव, डर और जान से मारने की धमकी देकर वसूली की गई। शिकायत के अनुसार आरोपी द्वारा फोन-पे के माध्यम से 3,01,166 रुपये तथा नगद 93,650 रुपये, कुल 3,94,816 रुपये की वसूली की जा चुकी है, जबकि मूल उधारी राशि लगभग 2,55,000 रुपये बताई गई है।
पीड़िता का आरोप है कि रकम देने में देरी होने पर आरोपी द्वारा प्रतिदिन 350 से 750 रुपये, कभी-कभी 1000 रुपये तक जुर्माना वसूला जाता था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा और रकम की मांग की जा रही थी तथा रकम नहीं देने पर लक्ष्य टंडन को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, जिससे युवक मानसिक रूप से भयभीत हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाये जाने पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 308(2), 308(4), 351(3) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 04 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी द्वारा अन्य लोगों से भी इसी प्रकार अवैध वसूली किए जाने की जानकारी जुटाई जा रही है।