भिलाई में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

भिलाई में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न


🔴स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण, रक्तदान और हेलमेट वितरण से BTTTA ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

भिलाईनगर, 27 जनवरी 2026। भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन एवं दुर्ग परिवहन विभाग तथा यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में लगातार तीसरे वर्ष सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित जागरूकता अभियान कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के मुख्य कार्यालय, खुर्सीपार गेट, भिलाई में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 250 से अधिक ड्राइवरों का स्वास्थ्य जांच शिविर, 150 से अधिक लोगों का नेत्र जांच शिविर तथा 100 से अधिक लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित मार्गदर्शन जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 से अधिक महिलाओं एवं 500 से अधिक पुरुषों को हेलमेट का वितरण किया गया।


यातायात जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग एवं यातायात नियमों के पालन का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ श्री यू.बी.एस. चौहान, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी दुर्ग श्री एस. लकड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री सुखनंदन राठौर, उप पुलिस अधीक्षक भिलाई श्री सत्य प्रकाश तिवारी, टीआई आरटीओ दुर्ग श्री डगेश्वर सिंह राजपूत, टीआई आरटीओ दुर्ग श्रीमती अरुणा साहू तथा परिवहन निरीक्षक श्री एस.के. जांगड़े की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने सड़क सुरक्षा पर अपने विचार साझा करते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।


भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं कार्यक्रम में शामिल ड्राइवर साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव श्री मलकीत सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, ड्राइवर साथी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।