Durg में उप वनमंडलाधिकारी से गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी

Durg में उप वनमंडलाधिकारी से गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी


🔴शासकीय दस्तावेज फेंकने का आरोप

दुर्ग, 24 जनवरी 2026। उप वनमंडल कार्यालय दुर्ग में पदस्थ उप वनमंडलाधिकारी के साथ अभद्रता, अश्लील गाली-गलौज एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी अजय तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्यालय में घुसकर किया हंगामा

घटना 20 जनवरी 2026 दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब आरोपी अजय तिवारी उप वनमंडल कार्यालय दुर्ग पहुंचा और वाहन छुड़वाने के नाम पर कार्यालय में घुसकर चिल्ला-चोट करने लगा। अधिकारी द्वारा उसके नाम से कोई प्रकरण न होने की जानकारी देने के बावजूद आरोपी ने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया।

शासकीय कार्य में डाली बाधा

आरोप है कि आरोपी ने कार्यालय स्टाफ के सामने शासकीय दस्तावेज फेंक दिए, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित हुआ। घटना के समय उप वनमंडलाधिकारी आगामी वन मंडलों में आयोजित अग्नि सुरक्षा कार्यशाला की तैयारी कर रहे थे।

पूर्व विवाद और जान से मारने की धमकी

शिकायत में उल्लेख है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में अवैध आरा मशीन संचालन पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बाद से वह लगातार दबाव बनाता रहा और “बाहर निकलो, फिर देख लूंगा” जैसी धमकियां देता रहा, जिससे अधिकारी ने अपनी जान को खतरा बताया है।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी


प्रार्थी की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0073/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 221, 296 एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

मामले की सूचना कलेक्टर दुर्ग को भी सादर प्रेषित की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।