दुर्ग पुलिस की सराहनीय पहल, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महिला मरीज की बचाई जान

दुर्ग पुलिस की सराहनीय पहल, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महिला मरीज की बचाई जान


दुर्ग, 23 जनवरी 2026। दुर्ग यातायात पुलिस ने ऑपरेशन सुरक्षा के तहत मानव सेवा और त्वरित आपातकालीन प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। हार्ट अटैक की गंभीर स्थिति से जूझ रही 67 वर्षीय महिला मरीज को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सुरक्षित और समय पर रायपुर के अस्पताल पहुँचाया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रिसाली, भिलाई निवासी श्रीमती शीला देवी (67 वर्ष) को हार्ट अटैक आने के बाद स्पर्श हॉस्पिटल, भिलाई में भर्ती कराया गया था। मरीज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर रेफर किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद तत्काल ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा मार्ग पर तैनात बल के माध्यम से सिग्नल क्लियर कराए गए तथा अन्य वाहनों को नियंत्रित कर एम्बुलेंस को निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराया गया। बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग 40 मिनट के भीतर मरीज को सुरक्षित रूप से रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर पहुँचा दिया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
यह कार्यवाही दुर्ग यातायात पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, अनुशासित ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस की इस सराहनीय पहल की आमजन द्वारा प्रशंसा की जा रही है।