सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 23 जनवरी 2026। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राज्य में स्थापित किए जा रहे पांच नए मेडिकल कॉलेजों के लिए डीन की नियुक्ति कर दी है। इन कॉलेजों में जशपुर, मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा, कवर्धा और दंतेवाड़ा शामिल हैं।
विभागीय आदेश के अनुसार नव नियुक्त डीन को न केवल शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, बल्कि संबंधित जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों के सफलतापूर्वक संचालन की शुरुआत करने का दायित्व भी दिया गया है। इसमें आधारभूत संरचना, स्टाफ की व्यवस्था, शैक्षणिक सत्र की तैयारी और मान्यता से जुड़ी प्रक्रियाएं शामिल रहेंगी।
चिकित्सा शिक्षा विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से नए मेडिकल कॉलेजों के कार्यों को गति मिलेगी और राज्य में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। नए कॉलेज शुरू होने से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ उच्च शिक्षा के अवसर भी बढ़ेंगे।



